
मणिपुर में उग्रवाद पर बड़ी कार्रवाई: महिला समेत दो उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और विस्फोटक बरामद
मणिपुर में उग्रवाद और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में थौबल और इंफाल वेस्ट जिलों से एक प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने रविवार, 6 जुलाई 2025 को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चांडेल जिले के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए तलाशी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी हाथ लगे हैं। शनिवार, 5 जुलाई को थौबल जिले के सालुंगफम इलाके से प्रतिबंधित संगठन प्रे पाक (PRO) की एक महिला कैडर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, उसी संगठन का एक अन्य सदस्य इंफाल वेस्ट के नगामापाल इलाके से पकड़ा गया।
अधिकारी ने बताया कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार, 4 जुलाई को चांडेल जिले में की गई तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने 12 राइफल, चार आईईडी और चार ग्रेनेड बरामद किए। राज्य में उग्रवादियों के खिलाफ यह अभियान तब से लगातार जारी है जब से दो साल पहले जातीय हिंसा भड़की थी।
बता दें कि मई 2023 से मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय संघर्ष में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों परिवारों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। हालात पर काबू पाने के लिए केंद्र सरकार ने 13 फरवरी 2025 को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था, इसके बाद मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया।
राज्य में शांति बहाल करने के उद्देश्य से अब खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार सर्च ऑपरेशन्स और गिरफ्तारी अभियान चलाए जा रहे हैं।