
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए हरियाणा के कुख्यात अपराधी रोमिल वोहरा को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह एनकाउंटर दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर हुआ, जहां दिल्ली की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे घेरने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही रोमिल ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें रोमिल घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी — एसआई प्रवीण और एसआई रोहन — भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
बता दें कि रोमिल वोहरा हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला था और कुख्यात काला राणा गिरोह से जुड़ा हुआ था। वह हाल के दिनों में हरियाणा में हुए दो बड़े और सनसनीखेज हत्याकांडों का मुख्य आरोपी था। इनमें से एक केस कुरुक्षेत्र में हुआ शांतनु मर्डर केस था, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया था। इसके अलावा, यमुनानगर में हुई त्रिपल मर्डर वारदात में भी उसका नाम सामने आया था।
हरियाणा पुलिस ने रोमिल की गिरफ्तारी के लिए ₹2 लाख का इनाम घोषित किया था। इसके साथ ही, वह दिल्ली में भी आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक केस में आरोपी था।
इस एनकाउंटर को दिल्ली और हरियाणा पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि रोमिल लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था और लगातार जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहा था। उसकी मौत से कई संगीन मामलों की जांच को दिशा मिलने की उम्मीद है।