
एअर इंडिया विमान हादसे पर PM मोदी की अहमदाबाद में बड़ी कार्रवाई: घायलों से मुलाकात, हालात का लिया जायज़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह अहमदाबाद पहुंचे और मेघाणीनगर इलाके में गुरुवार को हुए एअर इंडिया विमान हादसे की समीक्षा की। पीएम मोदी ने इस भीषण दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात की और अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराए गए इकलौते जीवित यात्री से भी व्यक्तिगत रूप से बातचीत की।
प्रधानमंत्री के साथ इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री रामनोहन नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद रहे। अधिकारियों और मंत्रियों ने पीएम को हादसे के हर पहलू की विस्तृत जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से उस हॉस्टल का भी दौरा किया, जिस पर विमान गिरा था।
इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत कुल 266 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 241 यात्री विमान में सवार थे, जबकि बाकी लोग घटनास्थल मेघाणीनगर क्षेत्र में मौजूद थे, जहां विमान क्रैश हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे का जायज़ा लिया और रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (NDRF) के अधिकारियों से हादसे के बाद की गई कार्रवाई, राहत-बचाव प्रयासों और पीड़ितों की सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी मांगी।
एअर इंडिया ने फ्लाइट AI171 के यात्रियों और उनके परिजनों की मदद के लिए कई शहरों में सहायता केंद्र (Help Desks) भी स्थापित किए हैं। ये केंद्र अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर बनाए गए हैं, जहां यात्रियों के परिवारजनों को आवश्यक मदद दी जा रही है।
गौरतलब है कि यह हादसा गुरुवार दोपहर हुआ, जब एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI171 अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। विमान ने दोपहर 1:38 बजे बोइंग 787-8 मॉडल के साथ टेकऑफ किया था। फ्लाइट में 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिकों के अलावा ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा के यात्री भी शामिल थे।
पूरा देश इस हादसे से स्तब्ध है और सरकार हर स्तर पर पीड़ितों की सहायता में जुटी हुई है। पीएम मोदी के दौरे को राहत कार्यों को गति देने और स्थिति की निगरानी के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।